राष्ट्रपति बनने की दौड़ में सबसे आगे है ये आदिवासी महिला, जानिए 7 बातें
इन दिनों देश की राजधानी में राष्ट्रपति चुनाव का हल्ला बोल रहा है। पूरा देश इस इंतज़ार में हैं कि उनका अगला राष्ट्रपति कौन होगा? अभी तक सत्ताधारी बीजेपी ने और न ही विपक्ष ने अपनी ओर से किसी नाम की घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार (12 जून) को गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू की तीन सदस्यों वाली कमेटी बनाई जो अन्य राजनीतिक दलों से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार के नाम पर एकराय बनानी की कोशिश करेगी।
बीजेपी की ओर वैसे तो कई नामों का जिक्र चल रहा है लेकिन जिस कैंडिडेट का नाम बीजेपी की ओर से सबसे आगे है वो झारखंड की गर्वनर द्रौपदी मुर्मू का है। मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनेंगी या नहीं ये तो वक्त बताएगा लेकिन आइए हम आपको बताते हैं द्रौपदी मुर्मू के बारे में 7 बातें
पति और बेटे को खो चुकी हैं
द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को हुआ था। वो संथाल आदिवासी है और ओडिशा के मयूरभंज जिले के कुसुमी ब्लाक के उपरबेड़ा गांव की रहने वाली हैं। उनके पति और दो बेटों का निधन हो चुका है। उनकी एक बेटी है जिसका विवाह हो चुका है।
सरकारी क्लर्क भी रह चुकी हैं
बीजेपी की ओर से तो उनका नाम आगे है ही लेकिन बात अगर उनकी पढ़ाई की करें तो उन्होंने बीए किया है। राजनीति में आने से पहले वे टीचर हुआ करती थी और एक सरकारी क्लर्क के तौर पर काम किया करती थी।
पार्षद के रूप में शुरू राजनीतिक करियर
द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक करियर 1997 में शुरू हुआ जब वो राजरंगपुर जिले से नगरनिगम पार्षद चुनी गईं। साल 2000 में वो राजरंगपुर से पहली बार विधायक बनीं। वो इस सीट से दो बार विधायक रहीं।
कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं
ओडिशा की नवीन पटनाय के नेतृत्व वाली भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) की गठबंधन सरकार में साल 2000 से 2004 के बीच कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
सर्वश्रेष्ठ विधायक भी रह चुकी हैं
साल 2007 में उन्हें ओडिशा विधान सभा का सर्वश्रेष्ठ विधायक चुना गया और नीलकंठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साल 2002 से 2009 तक मयूरभंज जिले की भाजपा अध्यक्ष रही हैं। साल 2013 में भी वो मयूरभंज की जिला अध्यक्ष रहीं। भाजपा की आदिवासी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रह चुकी हैं।
पहली आदिवासी महिला राज्यपाल
द्रौपदी मुर्मू मई 2016 में झारखंड की राज्यपाल बनाई गईं। वो राज्य की पहली महिला राज्यपाल हैं। वो किसी भी भारतीय राज्य की राज्यपाल बनने वाली पहली आदिवासी हैं।
ओडीशा से दूसरी राष्ट्रपति होंगी
अगर द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनती हैं तो वो ओडिशा से देश की राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी शख्स होंगी। द्रौपदी मुर्मू से पहले वीवी गिरी देश के राष्ट्रपति रह चुके हैं।
- - Advertisement - -