सर्जिकल स्ट्राइक का असर, पाक ने अचानक बदला ISI चीफ
- - Advertisement - -
इस्लामाबाद। भले ही पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक को न मानता हो , लेकिन उस पर सर्जिकल स्ट्राइक का असर किस कदर पड़ रहा है, इसे साफ़तौर पर देखा जा सकता है। जी हां इसका सीधा असर पाकिस्तान की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था में देखा जा सकता है। खबरों के अनुसार मौजूदा आईएसआई प्रमुख रिजवान अख्तर को वक्त से पहले उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पर रविवार को पाक के नए सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने देश की खुफिया एजेंसी प्रमुख पद पर लेफ्टिनेंट जनरल नवीद मुख्तार को नियुक्त किया है। इसके अलावा उन्होंने सेना के शीर्ष पदों पर महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
खबरों की मानें तो बाजवा रिजवान अख्तर से नाखुश थे जिसकी वजह से उन्हें पद से हटाकर नवीद अख्तर को आईएसआई का डीजी नियुक्त किया गया। मुख्तार कराची के कोर कमांडर रह चुके है। इस बात का खुलासा सेना के एक बयान के जरिए हुआ। बयान में कहा गया कि रिजवान अख्तर को नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल बिलाल अकबर को चीफ जनरल स्टाफ बनाया गया है। इसके साथ ही कई बड़े पदों पर फेरबदल किया गया है।
बता दें कि 29 नवंबर को राहिल शरीफ सेवानिवृत्त हो रहे थे जिसके बाद बाजवा को पाकिस्तान का सेना प्रमुख बनाया गया।सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा पैदल सेना के बलूच रेजीमेंट से हैं और कश्मीर और आतंकवाद के मसलों पर गहरा अनुभव रहा है। बताया जा रहा है कि बाजवा का आतंकवाद को लेकर रुख काफी सख्त रहा है, जो कि भारत के लिए सकारात्मक सूचक हो सकता है। बाजवा ने अपने कई सारे बयानों में यह कहा था कि बढ़ रहे चरमपंथ से पाकिस्तान को भारत की अपेक्षा ज्यादा खतरा है।
- - Advertisement - -