चांद के बाद जल्द ही शुक्र पर होगी भारत की पहुंच
सभी रिकॉर्ड्स को दरकिनार कर नए रिकॉर्ड कायम करने वाला भारत जल्द ही एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है। दरअसल भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो पहली बार शुक्र ग्रह पर पहुंचने की तैयारी में है। इतना ही नहीं शुक्र के अलावा इसरो धरती के सबसे नज़दीक ग्रह मंगल पर भी वापसी कर सकता है। बताया जा रहा है कि इसरो यहां पर जीवन की संभावनाओं को टटोलने के लिए यह काम कर रही है।
2021-22 में शुरू होगा मंगल मिशन
भारत का दूसरा मंगल मिशन 2021-22 में शुरू होगा। इस बार इसरो की कोशिश मंगल ग्रह को बारीकी से समझने पर होगी। इसके लिए इसरो मंगल ग्रह की सतह पर एक रोबोट को भी उतारेगा।
ग़ौरतलब है कि इसरो ने साल 2013 में मंगल ग्रह के मिशन को पूरा किया था। लेकिन उस समय इसरो को इच्छित सफलता नहीं मिली थी। यह मिशन पूरी तरह से भारतीय था।
बजट दस्तावेजों में भी है इसका जिक्र
सूत्रों के मुताबिक इस साल के वे बजट दस्तावेजों जिन्हें संसद में पेश नहीं किया गया है या जिन पर बात नहीं हुई है, उनमें इसरो के इस प्लान का जिक्र किया गया है। इतना ही नहीं सरकार ने इसरो के इस फ़ैसले का समर्थन भी किया है। बता दें कि इसी साल सरकार की ओर से वित्त मंत्री अरुण जेटली ने स्पेस बजट में 23 प्रतिशत इज़ाफा किया है। बजट में मंगल के मिशन- 2 और शुक्र मिशन का भी प्रावधान खासतौर पर जोड़ा गया है।
बहरहाल यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब इसरो एक नया इतिहास रचने जा रहा है। दरअसल इसरो आगामी 15 फरवरी को एक साथ 104 उपग्रह लॉन्च करने जा रहा है। अंतरिक्ष की दुनिया में एक्टिव किसी भी देश ने आज तक ऐसा करने करने की कभी कोशिश भी नहीं की है। एक ही अंतरिक्ष मिशन से सबसे ज्यादा सैटेलाइट लॉन्च करने का रिकॉर्ड रूस के नाम है। उसने साल 2014 में एक साथ 37 सैटेलाइट लॉन्च किए थे।
- - Advertisement - -