पाक ने फिर तोड़ा सीज़फायर, एक जवान शहीद
- - Advertisement - -
पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया है। रविवार को आधी रात के बाद से ही पाकिस्तान ने जम्मू के रजौरी जिले में फायरिंग करनी शुरू की। जवाबी कार्रवाई में हरियाणा का रोहतक जिले का एक बीएसएफ हेड कॉन्स्टेबल शहीद हो गया है। जबकि चार जवानों के घायल होने की ख़बर है। बता दें कि पिछले 24 घंटे से भी कम वक्त में पाकिस्तानी रेंजर्स ने तीसरी बार सीमा पार कर फायरिंग की है।
बीएसएफ अफसर के अनुसार, शहीद हुए बीएसएफ के हेड कॉन्स्टेबल का नाम राय सिंह है जो रोहतक के खेड़ी सांपला गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे और मां हैं। वे रविवार रात को हुई फायरिंग में बुरी तरह जख्मी हुए थे। वहीं, एक और जवान की हालत गंभीर बनी हुई है। इंडियन आर्मी अफसर के अनुसार पाकिस्तानी रेंजर्स ने रातभर हेवी फायरिंग की। भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की है। इससे पहले, शनिवार सुबह एलओसी पर नौशेरा और फिर दोपहर में सुंदेरबानी सेक्टर में फायरिंग की गई। इसमें एक जवान और एक महिला जख्मी हो गई थी। यहां पाकिस्तान ने मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से फायरिंग की थी। सीमा पर पाकिस्तान अभी नापाक हरकतों को अंजाम देने के लिए लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है।
राय जुलाई में ही लौटे थे ड्यूटी पर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राय सिंह का जन्म रोहतक जिले के खेड़ी सांपला गांव में 22 जून 1976 को हुआ था। राय अगस्त 1995 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। इस समय वह जम्मू कश्मीर के राजौरी सैक्टर में भारत पाकिस्तान सीमा पर तैनात थे। जुलाई में ही वे अपनी छुट्टी पूरी करके ड्यूटी पर लौटे थे।
ग़ौरतलब है कि भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक किया है। भले ही सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान कुछ दिनों के लिए चुप बैठा हो। लेकिन कुछ समय बाद ही पाकिस्तान ने सीमा पर सीज़फायर का उल्लंघन करना शुरू कर दिया। अब तक पाकिस्तान 200 से ज़्यादा बार सीज़फायर का उल्लंघन कर चुका है। अब तक पाक की ओर से हुई गोलीबारी में 14 जवान शहीद हुए हैं जबकि 26 लोगों की जान जा चुकी है।
- - Advertisement - -
- - Advertisement - -