फोर्ब्स की 60 सबसे धनी और सफल महिलाओं में दो भारतीय महिलाएं
न्यूयॉर्क। महिलाएं आज सभी क्षेत्रों में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलकार काम कर रही हैं और अपनी मेहनत के बल पर नए-नए मुकामों को भी छू रही हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर उद्यम क्षेत्र में नई ऊंचाईयों को छूने वाली अमेरिका की 60 सबसे धनी और सफल महिलाओं की फोर्ब्स-लिस्ट में दो भारतीय मूल की महिलाओं को भी जगह दी गई है। जो इनोवेशन और नई खोज के बल पर आगे बढ़ी हैं। भारत में जन्मी नीरजा सेठी को इस लिस्ट में 16वां स्थान और जयश्री उल्लाल को 30वां स्थान मिला है।
नीरजा सेठी ने अपने पति भारत देसाई के साथ मिलकर आईटी सलाहकार एवं आउटसोर्सिंग कंपनी ‘सिंटेल’ की शुरुआत की। 61 वर्षीय सेठी की कंपनी की सम्पत्ति 1.1 अरब डॉलर है। उनकी कंपनी में 25,000 वर्कर काम करते हैं। हाल ही में उनकी कंपनी शेयर मूल्य के हिसाब से बाजार में 3.6 अरब डॉलर की थी।
इस लिस्ट में शामिल की गई दूसरी महिला अरिस्ता नेटवर्क्स की अध्यक्ष एवं सीईओ जयश्री उल्लाल हैं। 55 वर्षीय जयश्री की नेटवर्थ कंपनी 47 करोड़ डॉलर की है। वह 2008 में अरिस्ता नेटवर्क्स की सीईओ बनी थीं। तब कंपनी की कमाई के नाम पर कुछ नहीं था और इसमें 50 से भी कम वर्कर थे। 2015 में उसकी आय 83.80 करोड़ डॉलर पर पहुंच गयी। इसके शेयर जून 2014 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराए गए।
खुद के दम पर ऊंचाईयों को छूने वाली अमेरिका की धनी महिलाओं की लिस्ट में सबसे उपर डेयने हैंड्रिक का नाम है। वह एबीसी सप्लाई की मालिक हैं जो देश में छत और साइडिंग बनाने में काम आने वाले निर्माण सामग्री की सबसे बड़ी थोक डिस्ट्रिब्यूटर हैं। हैंड्रिक्स की संपत्ति इस समय 4.9 अरब डॉलर है।
अमेरिका की इन 60 धनी महिलाओं की कुल संपत्ति 53 अरब डालर आंकी गई है। इन महिलाओं ने अपनी खुद की मेहनत और खोज से देश में कुछ बडे़ ब्रैंड तैयार किये हैं, इनमें गैप और स्पेंक्स प्रमुख हैं। वहीं इनमें कई महिलाओं ने फेसबुक, ई-बे और गूगल सहित कई टेक्नोलॉजी कंपनियों में मदद भी की है।
|